भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के बीच लड़ाई और तेज हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने बुधवार को कोलकाता में कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी जर्मनी के पूर्व तानाशाह हिटलर की प्रतीक बन गई हैं। उनका भ्रष्टाचार कोलेकर दिया गया बयान वैसा ही है, जैसे पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ने की बात करता है। केंद्र सरकार की नजर में सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में अहिंसात्मक आंदोलन करना व भ्रष्टाचार की बात करना गुनाह है।
गडकरी ने कहा, कांग्रेस की संवेदनशीलता खत्म हो गई है। पिछले चार जून को दिल्ली के रामलीला मैदान में जो कुछ हुआ, वह रावण लीला थी। कांग्रेस देश में फिर आपातकाल लागू करना चाहती है। उन्होंने कहा कि गिलानी ने दिल्ली आकर देश विरोधी बातें कहीं, तो उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया, वहीं देशभक्ति और देशहित की बात करने वाले लोगों पर बर्बरता पूर्वक लाठियां बरसाई गयीं। राष्ट्रमंडल खेलों में हुए घोटाले के लिए सुरेश कलमाड़ी अकेले जिम्मेदार नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित संप्रग सरकार भी जिम्मेदार है। कांग्रेस को मां-बेटे की पार्टी कहते हुए गडकरी ने कहा कि मां पार्टी की मालकिन है, और बाकी सब नौकर।
कांग्रेस के अलावा उन्होंने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी के भी नाम का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार की नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं की पार्टी है। गडकरी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं से कमर कसने का आह्वान किया।